मई में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। काशीपुर में मंगलवार को सीजन का सबसे अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां तक कि 28 मई पिछले 14 वर्षों में सबसे अधिक गर्म रही। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अभी इस गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पिछले 15 दिन से जनजीवन बेहाल है।
दिन में धूप की तपिश बेहाल कर रही है तो रात को गर्मी चैन से सोने नहीं देती। तापमान भी सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर एक बजे शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहा चीमा चौराहे पर इक्के-दुक्के लोग ही दोपहिया वाहनों से निकल रहे थे।
पिछले दो महीने से एक बार भी बारिश न होने की वजह से धरती की नमी सूख रही है। धरती की गर्मी अधिक होने से पहाड़ों से आने वाले हल्के बादल भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसलिए तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी हो रही है। बंगाल की खाड़ी की पूर्वी हवाओं और रेमल चक्रवात के चलते हवा में नमी आएगी। पहाड़ों पर हल्की बारिश हो सकती है। एक जून को हल्के बाद और बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।

संपादक- लोकचर्चा
पता – काशीपुर, उत्तराखंड
संपर्क – 8077589450
