गेबिया नाले में पड़ा मिला एक व्यक्ति का शव
काशीपुर। एक व्यक्ति का शव मानपुर रोड स्थित कब्रिस्तान के नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
कोतवाली पुलिस को रविवार की सुबह सूचना मिली कि मानपुर रोड स्थित नौगजा कब्रिस्तान की पुलिया में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा है। कटोराताल पुलिस चौकी प्रभारी विपुल जोशी, एसआई कपिल कांबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शिनाख्त नहीं होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई।
इस पर मोहम्मद एजान और मोहम्मद अयान ने परिजनों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने पिता मोहम्मद जावेद (42) पुत्र हाजी नियामत उल्लाह के रूप में की। जानकारी करने पर पता चला कि वह पिकअप चलाता था।
एजान ने बताया उसके पिता शनिवार की शाम लगभग छह बजे घर आ गए थे। कुछ देर बाद वह किसी काम से घर से निकले लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। वह अपने पीछे दो बेटों के अलावा बेटियों महजबी व सुहाना और पत्नी बेबी को रोते बिलखते छोड़ गए हैं।
कटोराताल चौकी प्रभारी विपुल जोशी ने बताया कि शव पर चोट का कोई निशान नहीं है। बताया जा रहा है कि अधिक नशा में होने के चलते वह नाले में मुंह के बल गिर गया होगा, और रातभर पड़ा रहने से उसकी मौत हो गई।

संपादक- लोकचर्चा
पता – काशीपुर, उत्तराखंड
संपर्क – 8077589450
