साइंस पार्क देगा विज्ञान का ज्ञान, राज्य के 11 निगमों में किए जाएंगे विकसित
बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और खेल-खेल में विज्ञान के विभिन्न आयामों की जानकारी देने के लिए प्रदेश के नगर निगमों में साइंस एंड इंवायरमेंट/क्लाइमेट पार्क बनाने की कवायद की जा रही है। शहरी विकास निदेशालय ने सभी 11 निगमों को पत्र भेजकर साइंस पार्क के लिए एक एकड़ जमीन को चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूकॉस्ट) की ओर से नगर निगमों में साइंस पार्क की स्थापना करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एक एकड़ जमीन का मानक रखा गया है। एक पार्क के लिए 75 लाख रुपये बजट प्रस्तावित किया गया है। यूकॉस्ट की योजना के बाद शहरी विकास निदेशालय के अपर निदेशक ने 11 नगर निगमों रुद्रपुर, देहरादून, हरिद्वार, रूड़की, ऋषिकेश, श्रीनगर, कोटद्वार, काशीपुर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ से प्रस्ताव मांगे हैं।
गर निगमों से प्रस्ताव मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाएगा। योजना के तहत पहले चरण में दो पार्क डेढ़ करोड़ से विकसित होंगे। दूसरे साल में चार पार्क और तीसरे चरण में चार पार्क का निर्माण होगा। इसके लिए साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। अमृत योजना 2.0 के तहत पार्क के निर्माण के लिए बजट दिया जाएगा।

संपादक- लोकचर्चा
पता – काशीपुर, उत्तराखंड
संपर्क – 8077589450
